काम

तीसरा पुरुषार्थ काम है।इसका शाब्दिक अर्थ है-'इच्छा'। पुरुषार्थ के रूप में काम से अभिप्राय: मनुष्य की उन सभी शारीरिक,मानसिक,संवेगात्मक तथा कलात्मक इच्छाओं की पूर्ति से है जो उसके संपूर्ण विकास और जीवन के परम लक्ष्य(मोक्ष)को प्राप्त करने में सहायक हैं। इच्छा सभी कार्यों की प्रेरक शक्ति होती है। इस प्रकार हर कार्य के पीछे काम का होना एक अनिवार्य शर्त है। इस काम को भारतीय मनीषा ने तीन श्रेणियों में रखा है-सात्विक,राजसिक और तामसिक। सात्विक काम फल की प्रत्याशा के बिना स्वधर्मानुसार(विवेकानुसार)संपन्न किया जाता है। इस तरह का काम धर्मसम्मत होता है। इसीलिए श्री कृष्ण गीता के सातवें अध्याय के 11वें श्लोक में कहते हैं-
बलं बलवतां चाहं कामरागविवर्जितम्।
धर्माविरुद्धो भूतेषु कामोअस्मि भरतर्षभ॥
अर्थात मैं बलवानों का कामना और आसक्ति से रहित बल(अर्थात् सामर्थ्य) हूँ तथा सभी प्राणियों में धर्म के अनुकूल काम हूँ। 
राजसिक काम विषय,वासना और इंद्रिय संयोग से पैदा होने वाला अहंकारयुक्त और फल की इच्छा से किया जाने वाला काम है। इस प्रकार का काम भोगते समय तो सुखकारी प्रतीत होता है,किंतु परिणाम दुखकारी होता है। तामसिक काम में मनुष्य मोहपाश में बंधा होता है,वह न तो वर्तमान का और न ही भविष्य का कोई विचार करता है। आलस्य,निद्रा और प्रमाद इस काम के जनक कहे गए हैं। इस प्रकार का काम न तो भोगते समय सुख देता है और न ही इसका परिणाम सुखकारी होता है। इन तीनों कामों में सात्विक काम श्रेष्ठ है,जो भोगते समय विषकारी प्रतीत हो सकता है,लेकिन परिणाम सदैव आनंददायी और मुक्तिकारक होता है। अन्य काम बंधन बनते हैं।

काम को संकुचित अर्थों में केवल इंद्रिय सुख और यौन प्रवृत्तियों की संतुष्टि तक सीमित कर दिया गया है। विस्तृत अर्थों में काम से अभिप्राय: मनुष्य की समस्त प्रवृत्तियों और इच्छाओं की विवेकसम्मत पूर्ति से है। मनुष्य में यौन संबंधी इच्छाएं होती हैं और वह इन इच्छाओं को संतुष्ट करना चाहता है। यह मनुष्य की मूल प्रवृत्ति है। इस इच्छा को अनुचित रूप से दबाना हानिकारक होता है। इस इच्छा की पूर्ति न होने से मनुष्य विक्षिप्त हो सकता है। यही कारण है कि भारतीय मनीषा ने यह स्वीकार किया है कि यौन संबंधी इच्छाओं की तृप्ति जीवन का एक सहज,स्वाभाविक या मूल प्रवृत्यात्मक अंग है। इसकी संतुष्टि के लिए विवाह का विधान है। विवाह के लक्ष्य में धर्म तथा संतानोत्पति के साथ काम(रति) को भी एक उद्देश्य स्वीकार किया गया। गृहस्थ जीवन का सर्वोपरि उद्देश्य यौन संबंधी संतुष्टि प्राप्त करना है। काम से ही सृष्टि चलती है। इसे अवरुद्ध करना सृष्टि में बाधक है। विपरीत लिंग के प्रति प्रेम और आकर्षण काम के ही कारण है।'कामसूत्र' के रचयिता वात्स्यायन का कहना है कि काम को उच्छृंखल नहीं छोड़ना चाहिए। उस पर नियंत्रण बहुत जरूरी है। काम की शक्ति इतनी है कि वह आसानी से वश में नहीं किया जा सकता। लेकिन यहां वात्स्यायन कामात्मक भावनाओं को कलाओं में लगाने का परामर्श देते हैं ताकि काम-ऊर्जा का उर्ध्वीकरण हो सके। जिससे एक ओर तो काम की सौंदर्यात्मक अभिव्यक्ति होती है दूसरी ओर नैतिक विकास भी।  यहीं से काम का दूसरा पक्ष स्पष्ट होता है। यह मनुष्य के संवेगात्मक,उद्वेगात्मक और सौंदर्यात्मक जीवन को प्रकट करता है। इसी को स्पष्ट करने के लिए वात्स्यायन कामसूत्र में 64 कलाओं का वर्णन करता है। कामसूत्र में वासनामय काम का ही वर्णन नहीं बल्कि उससे अधिक मानसिक और नैतिक विकास के साधनों और कलाओं पर भी विस्तृत रूप से विचार किया गया है। मनुष्य का काम ही सुंदर वस्तुओं के निर्माण में सहायक बनता है। मनुष्य आदिकाल से ही सौंदर्य का इच्छुक रहा है। वह मात्र सौंदर्य को देख कर ही खुश नहीं होता बल्कि स्वयं सौंदर्य की रचना भी करना चाहता है। इससे मनुष्य और पशु के बीच एक अंतर स्पष्ट होता है। मनुष्य कला का सृजन कर सकता है,लेकिन पशु ऐसा नहीं कर सकते। मनुष्य केवल खाने-पीने की सामग्री पाकर,पहनने के लिए अच्छे कपड़े पाकर और रहने के लिए अच्छे घर को पाकर ही खुश नहीं होता। रोटी,कपड़ा और मकान की प्राप्ति के बाद भी उसकी बहुत सी इच्छाएं होती हैं। वह स्वयं सर्जक बनना चाहता है। सौंदर्य में रमना चाहता है। वह जिस सौंदर्य को देखता है,उसे वैसा ही नहीं देखना चाहता बल्कि उसमें कुछ और जोड़ देना चाहता है। उसके इस प्रयास में ही अनेक कलाओं का विकास हुआ है। मनुष्य अपने तमाम संघर्षों और व्यस्तताओं के बावजूद इतना समय और अवसर निकाल ही लेता है कि वह खेल-कूद सके या संगीत,नृत्य,रंगमंच,लेखन और विभिन्न सृजनात्मक कलाओं आदि में स्वयं को डूबो सके। इस प्रकार के सृजनात्मक व सौंदर्य की अभिव्यक्तिपरक कामों से वह आनंदलोक में पहुंच जाता है और इन क्षणों में वह सर्वस्व विस्मरण कर देता है। उसका हृदय पक्ष सबल हो जाता है और मानवीय संवेदना शिखर पर पहुंच जाती है। स्पष्ट है कि मानव की सृजनात्मक प्रवृत्तियों को यदि अवसर न मिले तो उसका व्यक्तित्व कुंठित हो जाता है। जीवन का आनंद सृजनात्मक प्रवृत्तियों में ही है। काम की शक्ति ही सृजन में परिवर्तित होकर प्रशंशित होती है और जीवन को विकसित करती है। अत: मानव की इस मूल प्रवृत्ति को दबाना उचित नहीं बल्कि उसके समन्वित विकास के लिए उसे सृजन में लगाना मध्यम-मार्ग है,जो पुरुषार्थ का सिद्धांत प्रदर्शित करता है।

गीता में इंद्रियों पर नियंत्रण रखते हुए काम को तृप्त करने के लिए कहा गया है। गीता के दूसरे अध्याय के 62वें और 63वें श्लोक में कहा गया है कि विषयों का चिंतन करने वाले पुरुष की इन विषयों के साथ आसक्ति हो जाती है;आसक्ति से काम पैदा होता है और काम की तृप्ति न होने से क्रोध पैदा होता है। क्रोध से मोह पैदा होता है, मोह से स्मृति-भंग,अविवेक पैदा होता है। अविवेक से बुद्धि का नाश हो जाता है और बुद्धि नष्ट हो जाने से मनुष्य नष्ट हो जाता है अर्थात् पुरुषार्थ के योग्य नहीं रहता।

स्पष्ट है कि नियंत्रित और विवेकसम्मत तथा कलाओं में लगाया गया काम जीवन को सुखी और आनंदमय बना देता है। किंतु वासनामय काम मनुष्य को नीचे गिरा देता है। काम साधन है,साध्य नहीं। यह धर्म का साधन है न कि स्वयं साध्य और वहीं तक उचित है जहां तक कि उसका उपयोग संयमित और धर्मानुकूल है। काम सृजनात्मक होकर ही सार्थक और मुक्ति का मार्ग बनता है।

टिप्पणियाँ

  1. "काम" को जितने संकुचित अर्थ एवं सन्दर्भ में जाना गया है, उन सभी को नकारते हुए, इस शब्द को एक विस्तृत आयाम दिया है इस आलेख ने... साधुवाद!

    जवाब देंहटाएं
  2. आलेख से तो हम लाभान्वित हुए ही, पर आक तो ...
    आपको और आपके परिवार को नए साल की हार्दिक शुभकामनाएं!

    जवाब देंहटाएं
  3. सुन्दर व्याख्या। इस शृंखला के लिये आपका आभार और नये वर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं!

    जवाब देंहटाएं
  4. आज के युग में यही काम की बात है, परंतु अधिकांश की समझ से परे है।
    सुन्दर आलेख श्रंखला के लिये आभार,मनोज भाई !

    जवाब देंहटाएं
  5. ई तो हम तबे पढ़ लिये थे जब समझते नहीं थे। भगवान की कृपा कहिये मति भ्रस्ट नहीं हुई और धीरे-धीरे समझने भी लगे। धन्यवाद फिर से याद दिलाने और अच्छे से समझाने के लिए।

    जवाब देंहटाएं
  6. सुन्दर आलेख श्रंखला के लिये आभार|

    जवाब देंहटाएं

एक टिप्पणी भेजें

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

राष्ट्रभाषा, राजभाषा या संपर्कभाषा हिंदी

चमार राष्ट्रपति

अमीर खुसरो की चतुराई